मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से समत्व भवन स्थित मुख्यमंत्री निवास पर भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने सौजन्य भेंट की। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी के निर्णय का स्वागत किया और इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। इस मौके पर भारतीय किसान संघ के महेश चौधरी समेत अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

कमल सिंह आंजना ने कहा कि 19 जून से मूंग खरीदी के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री की किसान-हितैषी सोच की सराहना करते हुए कहा कि यह निर्णय किसानों के लिए राहतदायक सिद्ध होगा।

राज्य सरकार का किसान हित में बड़ा कदम

किसानों की मांगों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने MSP पर मूंग और उड़द की खरीदी की प्रक्रिया आरंभ करने का निर्णय लिया है। इसके लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में 19 जून से मूंग और उड़द के उपार्जन हेतु ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो जाएगा।

हरदा, रायसेन, सीहोर जैसे जिलों को मिलेगा लाभ

इस फैसले से हरदा, बैतूल, रायसेन, नरसिंहपुर और सीहोर जैसे जिलों के किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए प्रतिबद्ध है। इस संबंध में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी चर्चा हुई है।

MSP न मिलने से परेशान थे किसान

किसानों को बाजार में मूंग और उड़द के उचित दाम नहीं मिल रहे थे। व्यापारी इन्हें एमएसपी से काफी कम कीमत, लगभग ₹3000 प्रति क्विंटल पर खरीद रहे थे, जिससे किसान परेशान थे। इसके विरोध में कई जिलों में किसानों ने प्रदर्शन भी किया था। अब सरकार द्वारा एमएसपी पर खरीदी शुरू किए जाने से किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलने की संभावना है।