इंदौर। धार जिले के पीथमपुर से मंगलवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। सेक्टर-1 थाना क्षेत्र में स्थित एक बोर्ड परीक्षा केंद्र में 10वीं की एक छात्रा ने परीक्षा के दौरान बाथरूम में बच्चे को जन्म दिया। इस घटना के बाद परीक्षा केंद्र में अफरा-तफरी मच गई।

अचानक पेट दर्द और आपात प्रसव

पुलिस के अनुसार, छात्रा शासकीय विद्यालय की छात्रा है और बोर्ड परीक्षा देने पीथमपुर स्थित निजी स्कूल के सेंटर पर आई थी। परीक्षा के दौरान उसे अचानक पेट दर्द हुआ और वह बाथरूम गई। वहीं, उसने बच्चे को जन्म दिया। नवजात के रोने की आवाज सुनते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत 108 एंबुलेंस बुलाकर छात्रा और नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची और छात्रा का बयान दर्ज किया।

मामला बेटमा थाना क्षेत्र से जुड़ा

प्राथमिक जांच में पता चला कि यह मामला बेटमा थाना क्षेत्र से संबंधित है। इसलिए पीथमपुर पुलिस ने जीरो रिपोर्ट दर्ज कर मामले की डायरी बेटमा थाने को भेज दी। आगे की जांच अब बेटमा थाने द्वारा की जाएगी।

परिवार और मां की प्रतिक्रिया

घटना की जानकारी मिलने पर छात्रा की मां अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने चिकित्सकों को बताया कि उन्हें बेटी की गर्भावस्था की कोई जानकारी नहीं थी। परिवार के अनुसार, छात्रा की सगाई हो चुकी है और मंगेतर का घर आना-जाना था। इस कारण कुछ परिजन यह भी आशंका जताते रहे कि नवजात मंगेतर का हो सकता है।

पुलिस पूछताछ में छात्रा ने बच्चे को अपने प्रेमी का बताया है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।