इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब कांग्रेस और भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल दूषित पानी पीने से हुई मौतों के पीड़ित परिवारों से मिलने बस्ती पहुंचा था। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और कुछ स्थानीय लोगों ने कांग्रेस नेताओं का विरोध शुरू कर दिया।
विरोध कर रहे लोगों ने काले झंडे दिखाए और कांग्रेस नेताओं से इलाके से लौट जाने के नारे लगाए। इसके जवाब में कांग्रेस समर्थकों ने भी नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे माहौल गरमा गया। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और आपस में उलझ रहे कार्यकर्ताओं को अलग किया गया।
करीब एक घंटे तक क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। हंगामे के बीच महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कुछ पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए तीन अलग-अलग थानों से पुलिस बल बुलाया गया। बाद में पुलिस ने सख्ती बरतते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बस्ती से बाहर भेजा, जिसके बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य हुए।