भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने गेहूं उत्पादक किसानों को बड़ी राहत दी है। अब राज्य में गेहूं की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपये प्रति क्विंटल के साथ 40 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस देकर की जाएगी। इस फैसले के बाद किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं बेचने का लाभ मिलेगा।
पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 मार्च कर दी गई है। पहले यह तिथि 7 मार्च थी। पंजीयन प्रक्रिया 7 फरवरी से शुरू हो चुकी है। त्योहारों के मौसम—धुलेंडी से रंगपंचमी तक—को देखते हुए किसान संगठनों ने समय सीमा बढ़ाने की मांग की थी, जिसे सरकार ने स्वीकार किया।
पंजीयन के केंद्र और विकल्प
किसान अपने पंजीयन ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालय, सहकारी समितियों और विपणन संस्थाओं के पंजीयन केंद्रों पर कर सकते हैं।
-
निशुल्क पंजीयन: सहकारी सोसायटियों में
-
शुल्क पंजीयन: कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर
-
डिजिटल पंजीयन: मोबाइल ऐप के माध्यम से भी
ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी परेशानी
हालांकि, कुछ ग्रामीण इलाकों में सर्वर संबंधी समस्याओं के कारण पंजीयन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इससे कई किसानों को पंजीयन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।