इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शनिवार को एक प्लास्टिक निर्माण फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना नवदापंथ क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां आग लगते ही धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण राहत कार्य में दमकलकर्मियों को शुरुआती दौर में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
फायर ब्रिगेड के सब-इंस्पेक्टर संतोष दुबे ने बताया कि फैक्ट्री तक दमकल वाहनों के पहुंचने के लिए कोई सीधा रास्ता उपलब्ध नहीं था, जिसके चलते टीम को दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। इसके बाद ही आग बुझाने का काम प्रभावी तरीके से शुरू किया जा सका।
चूंकि यह प्लास्टिक उत्पाद बनाने वाली इकाई थी, इसलिए वहां मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई। अधिकारियों के अनुसार, मौके पर 6 से 7 दमकल गाड़ियों को लगाया गया, जबकि पानी की निरंतर आपूर्ति के लिए लगभग 25 टैंकरों की मदद ली गई।
काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, हालांकि अंदर अभी भी कूलिंग और सर्चिंग का कार्य जारी है ताकि किसी भी तरह की दोबारा आग लगने की संभावना को रोका जा सके।
राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं। नुकसान का आकलन आग पूरी तरह ठंडा होने के बाद किया जाएगा।