मुंबई। महाराष्‍ट्र में कोरोना का संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। इसे देखते हुए महाराष्‍ट्र सरकार ने फैसला लिया है कि कोरोना से संबंधित सभी प्रतिबंधों को 15 अप्रैल तक बढ़ा दिया जाए। वहीं मुंबई में 28 मार्च से नाइट कर्फ्यू लगाए जाने की संभावना बतायी जा रही है। मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने आशंका जाहिर करते हुए बताया है कि नाइट कर्फ्यू 28 मार्च को रात 10 बजे या 11 बजे से शुरू हो सकता है। वहीं महाराष्‍ट्र सरकार ने कहा है कि बिना मास्क के पाए जाने वाले व्यक्ति पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वाले व्यक्ति पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थान जैसे समुद्र तट और उद्यान 27 मार्च की मध्यरात्रि से रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक बंद रहेंगे। इसका उल्लंघन करने वाले पर 1000 रुपये का जुर्माना लगेगा। महाराष्‍ट्र सरकार ने बयान में कहा है कि 27 मार्च यानी कि शनिवार से शुरू होने वाले सभी प्रकार के सामाजिक समारोहों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। थिएटरों को बंद कर दिया गया है।

https://twitter.com/ANI/status/1375792131541934080?s=19

हालांकि रात में भोजन की होम डिलीवरी की छूट दी गई है। संक्रमण बढ़ता देख महाराष्‍ट्र के उप मुख्‍यमंत्री अजीत पवार ने कहां है कि अगर लोगों ने कोरोना प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया तो 2 अप्रैल से लॉकडाउन जैसा कड़ा फैसला सरकार को लेना पड़ सकता है। उन्‍होंने लोगों से संभलने और सावधानी बरतने की अपील की।

महाराष्‍ट्र में कोरोना गाइडलाइन के मुताबिक शादी समारोह में 50 से ज्यादा लोग शामिल नहीं होंगे। अंतिम संस्कार में भी ज्यादा से ज्यादा 20 लोग ही शामिल हो सकेंगे। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 36902 नए मामले सामने आए थे। वहीं 112 लोग की मौत हो गई थी।