मुंबई। मंगलवार को मुंबई में एक कोर्ट रूम में कार्यवाही चल रही थी। इसी दौरान फाइलों के ढेर पर एक सांप नजर आया।
सांप नजर आने के बाद एक घंटे तक कोर्ट की कार्यवाही बाधित रही। जानकारी के अनुसार मुलुंड में मजिस्ट्रेट कोर्ट के रूम नंबर 27 में दोपहर तक सामान्य कामकाज चल रहा था। इसी दौरान जब एक पुलिसकर्मी ने फाइलों को खंगाल रहा था उसी वक्त 2 फुट लंबा सांप देखा गया। इसके बाद कोर्ट रूम में अफरा तफरी मच गई।
सांप के कारण रूक गई कार्यवाही
इस घटना के बाद कोर्ट रूम में मौजूद एक वकील ने कहा कि इस घटना से कोर्ट रूम में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई, जिससे जज को कुछ समय के लिए कार्यवाही रोकनी पड़ी। सांप के नजर आने के बाद सांप पकड़ने वालों को बुलाया गया। सांप पकड़ने वालों ने पुरानी फाइलों और दीवारों और फर्श से भरे कोर्ट रूम में बारीकी से छानबीन की।
हालांकि, लाख कोशिश के बाद भी सांप नहीं मिला। वकील ने कहा कि हो सकता है कि वह कमरे के किसी छेद में घुस गया हो। इस घटना के करीब एक घंटे बाद कोर्ट की कार्यवाही फिर से शुरू हुई।
सांपों का दिखना आम
सबसे खास बात है कि चारों ओर से पेड़ों से घिरे इस कोर्ट रूम में सांपों का दिखना कोई अकेली घटना नहीं थी। वहीं, एक दिन पहले कोर्ट रूम की खिड़की पर एक सांप देखा गया था। वकील बिस्वरूप दुबे ने बताया कि दो महीने पहले जज के कक्ष में एक और सांप देखा गया था।