मुजफ्फरनगर। जनपद के नागल क्षेत्र स्थित भलस्वा ईसापुर गांव के पूर्व ग्राम प्रधान राकेश पुंडीर का शव रविवार देर शाम बडूली रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, 65 वर्षीय राकेश पुंडीर गांव के पूर्व प्रधान रह चुके थे और उनकी पत्नी भी पहले ग्राम प्रधान का पद संभाल चुकी हैं। परिजनों ने बताया कि वह शुक्रवार से अचानक घर से लापता थे, जिसके बाद से उनकी तलाश की जा रही थी।
रविवार शाम बडूली रेलवे फाटक के पास ट्रैक पर शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पहचान के बाद परिजनों को सूचित किया गया।
जांच अधिकारी मनेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रथम दृष्टया हादसा लग रहा है, लेकिन मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

परिजनों के अनुसार, राकेश पुंडीर पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। उनके दो बेटे हैं और पारिवारिक स्थिति भी सामान्य नहीं बताई जा रही है। पुलिस इन सभी पहलुओं को जांच में शामिल कर रही है।