नई दिल्ली। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में भारत की ओर से भी आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। समाचार एजेंसी एएनआई ने ईरानी सूत्रों के हवाले से बताया है कि भारत सरकार इस समारोह में उच्च स्तरीय प्रतिनिधियों को भेजेगी।

सूत्रों के अनुसार, इस प्रतिनिधिमंडल में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अंतिम संस्कार और दफन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण मिला था, जिसके बाद भारत ने यह प्रतिनिधिमंडल भेजने का निर्णय लिया।

ईरान में अयातुल्ला खामेनेई के सम्मान में 4 से 9 जुलाई तक राजकीय शोक और अंतिम संस्कार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान उनका पार्थिव शरीर 4 और 5 जुलाई को तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला परिसर में रखा जाएगा, जहां लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे।

ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, अंतिम संस्कार कार्यक्रम में दुनिया भर से कई देशों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। 6 जुलाई को औपचारिक अंतिम संस्कार जुलूस निकाला जाएगा और पूरे शोककाल के दौरान तेहरान प्रांत में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।