जयपुर। चंदवाजी थाना क्षेत्र के तालामोड़ में स्थित निर्माणाधीन अरावली रिसॉर्ट में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। रिसॉर्ट परिसर में बेसमेंट के भीतर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण कार्य चल रहा था, तभी अचानक एक निर्माणाधीन दीवार ढह गई। दीवार गिरते ही वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए।

इस हादसे में दो महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार से अधिक श्रमिक घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, सिविल डिफेंस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बेसमेंट में काम के दौरान दीवार अचानक कमजोर होकर गिर गई, जिससे मजदूरों को संभलने का मौका नहीं मिला। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

जिला कलेक्टर संदेश नायक ने दो मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आशंका है कि मलबे में कुछ और लोग भी दबे हो सकते हैं, जिनकी तलाश के लिए आधुनिक उपकरणों की मदद ली जा रही है। एसडीएम राजेंद्र और तहसीलदार सौरभ गुर्जर सहित अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।