चंडीगढ़ में एक बार फिर कई प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। इस बार भी धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है, जिसमें शहर के कई नामी शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
जिन स्कूलों को यह धमकी मिली है उनमें चितकारा स्कूल, स्ट्रॉबेरी स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड तथा खुफिया एजेंसियों की टीमों ने संबंधित स्कूलों में गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
हरियाणा सीएम का नाम भी ईमेल में शामिल
धमकी भरे ईमेल में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का भी उल्लेख किया गया है। मेल में दावा किया गया है कि स्कूलों में 1:11 बजे और मुख्यमंत्री कार्यालय में 3:11 बजे विस्फोट की योजना है। इसके अलावा 6 जून तक अंबाला से दिल्ली रेलवे ट्रैक पर धमाकों की धमकी भी दी गई है।
ईमेल में चंडीगढ़ को “खालिस्तान” बनाने की साजिश का जिक्र करते हुए यह भी लिखा गया है कि बच्चों से कोई दुश्मनी नहीं है। संदेश के अंत में “खालिस्तान नेशनल आर्मी” का नाम लिखा गया है, साथ ही वही पहचान दर्ज है, जिसका उपयोग पहले भी धमकी भरे मेल भेजने में किया जा चुका है।
पुलिस जांच में जुटी, साइबर सेल सक्रिय
पुलिस के अनुसार, ईमेल किस आईडी से भेजा गया है, इसकी जांच की जा रही है। साइबर सेल तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रेषक की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी चंडीगढ़ के कई स्कूलों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, हालांकि हर बार जांच में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
लोगों में बढ़ी चिंता
बार-बार स्कूलों और सरकारी संस्थानों को मिल रही धमकियों से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। नागरिकों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अब लगातार होने लगी हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन और केंद्र सरकार से इस मामले में सख्त और ठोस कदम उठाने की मांग की है।