पटियाला में भारतमाला परियोजना के तहत बने दिल्ली–कटरा एक्सप्रेसवे को रविवार को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने जेसीबी मशीनों की मदद से फिर से यातायात के लिए बहाल कर दिया। इससे पहले शनिवार रात कुछ शरारती तत्वों द्वारा मिट्टी डालकर इस मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया था, जिससे यातायात प्रभावित हो गया था।

जानकारी के अनुसार, गुलजारपुरा ठरुआ से घग्गा तक के हिस्से में ट्रैक्टर-टिप्परों की मदद से मिट्टी डालकर एक्सप्रेसवे को बंद कर दिया गया था। अचानक रास्ता बंद होने से यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

रविवार को NHAI की टीम मौके पर पहुंची और एसडीओ सलमान हकीम व चंद्र कुमार की मौजूदगी में जेसीबी से मार्ग को साफ कर दोबारा खोल दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद यह पाया गया कि एक्सप्रेसवे पूरी तरह सुरक्षित है और अब इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया है।

NHAI अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं यात्रियों के लिए गंभीर समस्या पैदा कर रही हैं और इसे लेकर कई बार प्रशासन को पत्र भी भेजे गए हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है। विभाग का कहना है कि वह केवल सूचना उच्च स्तर तक पहुंचा सकता है, जबकि कार्रवाई प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी है।

इस घटना को लेकर स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी नाराजगी जताई है। भाजपा के हलका प्रभारी नारायण सिंह नरसोत और उनकी टीम ने इस तरह की हरकतों की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं यह मामला पूर्व विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर के संज्ञान में भी लाया गया है।

सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष जगजीत सिंह गलोली ने कहा कि एक्सप्रेसवे पूरी तरह तैयार होने के बावजूद कुछ लोग निजी हितों के चलते इसे बार-बार बंद कर रहे हैं, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है।

उधर, डीएसपी पातड़ां गुरदीप सिंह संधू ने बताया कि प्रशासन से समन्वय के बाद मार्ग को तुरंत खुलवा दिया गया है और यदि भविष्य में कोई इसे बाधित करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।