पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जिसमें मशहूर पंजाबी गायिका यशइंदर कौर उर्फ इंदर कौर की हत्या की पुष्टि हुई है। छह दिनों से लापता चल रहीं गायिका का शव समराला क्षेत्र की नीलो नहर से बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। घटना के बाद परिवार और संगीत जगत में शोक की लहर है।
परिजनों के अनुसार, 13 मई की रात करीब 8:30 बजे इंदर कौर अपनी फोर्ड फिगो कार से घर से निकली थीं, ताकि वह बाजार से जरूरी सामान खरीद सकें। लेकिन देर रात तक जब वह घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद शुरू हुई तलाश में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
मृतका के भाई जोतइंदर सिंह का आरोप है कि मोगा के भलूर गांव का रहने वाला सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा लंबे समय से इंदर कौर पर शादी का दबाव बना रहा था। परिवार का कहना है कि गायिका द्वारा प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद आरोपी ने रंजिश में इस पूरी वारदात की योजना बनाई।
परिजनों के मुताबिक, सुखविंदर सिंह कुछ समय पहले कनाडा से भारत आया था और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रची। आरोप है कि रास्ते में गायिका की कार को रोका गया और उसे जबरन अगवा कर लिया गया। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी के विदेश भाग जाने की भी बात सामने आ रही है।
इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिवार का कहना है कि 15 मई को नामजद शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपी को देश छोड़कर भागने का मौका मिल गया।
पुलिस के अनुसार, नहर से महिला का शव मिलने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। परिजनों ने कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर शव की पहचान इंदर कौर के रूप में की है। मामले में हत्या और अपहरण सहित संबंधित धाराओं के तहत जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मुख्य आरोपी को वापस लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।