मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा की पवित्रता और श्रद्धालुओं की आस्था से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो फैलाने या अफवाहें प्रसारित करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और डिजिटल निगरानी जैसे सभी पहलुओं को मजबूत कर रही है, ताकि हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुगम दर्शन मिल सके। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया पर झूठी जानकारियां फैलाकर यात्रा की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
केदारनाथ से जुड़ा फर्जी वीडियो सामने आया
रुद्रप्रयाग जिले में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को दर्शन से रोके जाने का गलत दावा किया गया था। जांच में यह जानकारी भ्रामक पाई गई।
इस मामले को गंभीर मानते हुए थाना सोनप्रयाग में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके अलावा अन्य संदिग्ध वीडियो की भी जांच की जा रही है।
24 घंटे निगरानी, सख्त कार्रवाई के निर्देश
प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार 24 घंटे निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि चारधाम यात्रा की गरिमा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं और आम जनता से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी अफवाह या भ्रामक सामग्री को साझा न करें।