रानीखेत (अल्मोड़ा)। तहसील के दूरस्थ तितालीखेत क्षेत्र में देर रात हुए एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार दोनों युवकों की मौके पर ही जान चली गई।
हादसे का पता मंगलवार सुबह उस समय चला जब स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे टूटा हुआ डिवाइडर देखा। जांच करने पर नीचे खाई में एक क्षतिग्रस्त इंडीवर कार (नंबर CH 01 CB 5868) दिखाई दी। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस का अनुमान है कि यह दुर्घटना सोमवार देर रात की है।
एक मृतक की हुई पहचान
हादसे में मारे गए दो लोगों में से एक की पहचान हल्द्वानी के बिठोरिया नंबर-1 निवासी जीवन जोशी (36), पुत्र पूरन चंद्र जोशी के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय रानीखेत भेज दिया है। एसआई कैलाश चंद्र ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद दूसरे मृतक की पहचान स्पष्ट होने की संभावना है।
शुरुआती जांच में वाहन अनियंत्रित होने की आशंका
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला वाहन के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।