गुरदासपुर-अमृतसर नेशनल हाईवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। यह दुर्घटना कस्बा नौशहरा मझा सिंह के पास उस समय हुई जब पठानकोट से बटाला की ओर जा रही एक कार किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ, जब हाईवे पर आवाजाही कम थी। अचानक हुई टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस अधिकारी दलजीत सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सुबह चार बजे हादसे की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचने पर कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हालत में मिली और चारों लोगों की मौत की पुष्टि हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पठानकोट के टीचर कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों से संबंधित थे। हादसे में जान गंवाने वालों में नरेश कुमार (सुजानपुर), विनोद कुमार (सरना, पठानकोट), राही (जम्मू) और बिक्रम (न्यू टीचर कॉलोनी, पठानकोट) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि दुर्घटना किस वाहन से टकराने के कारण हुई। मामले में आगे की कार्रवाई परिजनों के बयान के आधार पर की जाएगी।