फतेहगढ़ साहिब के खन्ना स्थित मशहूर ‘प्रेम वैष्णो ढाबा’ पर हुई फायरिंग और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस केस में कथित साजिशकर्ता के तौर पर नामजद ऑस्ट्रेलिया में रह रहे शगनप्रीत सिंह के माता-पिता को गिरफ्तार किया गया है।
गांव से हुई गिरफ्तारी
खन्ना पुलिस की टीम ने शगनप्रीत के पिता सौदागर सिंह और माता दलजीत कौर को उनके पैतृक गांव चढ़ी (जिला फतेहगढ़ साहिब) से हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार दोनों से मामले में गहन पूछताछ की जा रही है।
गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप
जांच एजेंसियों का कहना है कि दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर रह चुके शगनप्रीत सिंह के ऑस्ट्रेलिया में रहने के दौरान भी उसका संपर्क आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है।
पुलिस का दावा है कि उसके माता-पिता न केवल अपने बेटे से संपर्क में थे, बल्कि पंजाब में सक्रिय शूटरों और गैंग नेटवर्क के अन्य सदस्यों के साथ भी लगातार समन्वय बनाए हुए थे।
फायरिंग की घटना
गौरतलब है कि 1 मई की सुबह बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने ‘प्रेम वैष्णो ढाबा’ पर फायरिंग की थी। बताया गया है कि ढाबा मालिक द्वारा 50 लाख रुपये की रंगदारी देने से इनकार करने के बाद यह हमला किया गया।
इस मामले में पुलिस पहले ही दो शूटरों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जांच में हो सकते हैं बड़े खुलासे
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए माता-पिता से पूछताछ के बाद इस अंतरराष्ट्रीय रंगदारी नेटवर्क और गैंगस्टर कनेक्शन से जुड़े कई अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।