मोगा जिले के जनेर गांव स्थित सरकारी नशा मुक्ति केंद्र में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब बड़ी संख्या में मरीज स्टाफ से झड़प के बाद केंद्र से फरार हो गए। करीब 7:30 बजे हुई इस घटना में लगभग 28 से 30 मरीज गेट का ताला तोड़कर बाहर निकल गए।

जानकारी के अनुसार, कोट इसे खां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस केंद्र में उस समय माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया जब उपचाराधीन कुछ मरीजों और कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। बहस देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि मरीजों ने स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए मुख्य गेट का ताला तोड़कर भाग निकले।

बताया जा रहा है कि केंद्र में कुल 95 मरीज भर्ती थे, जिनमें से लगभग 30 लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि बाकी मरीज वहीं मौजूद रहे। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया है और फरार मरीजों के संभावित ठिकानों पर भी नजर रखी जा रही है। केंद्र के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सुरक्षा कर्मियों के अनुसार, स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब कुछ मरीजों ने गार्ड्स के साथ भी धक्का-मुक्की की और मौके का फायदा उठाकर बाहर निकलने में सफल हो गए। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार लोगों को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है।