पंजाब सरकार ने नीट परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए बड़ा राहत भरा फैसला लिया है। राज्य में नीट अभ्यर्थियों को पंजाब रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया के जरिए इस निर्णय की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर कई छात्र ऐसे होते हैं जिनके पास परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए किराया तक नहीं होता, ऐसे में सरकार ने उनकी मदद के लिए यह कदम उठाया है।
सीएम मान ने कहा कि 20, 21 और 22 जून को नीट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी छात्र पंजाब रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। छात्रों को केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा, जिसके बाद उनसे कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
इससे पहले सामने आई जानकारी के अनुसार नीट यूजी परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। बता दें कि पिछली परीक्षा पेपर लीक विवाद के चलते रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद नई तारीख तय की गई है।
इधर, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी इन दिनों पंजाब दौरे पर हैं। उन्होंने राज्य सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब में विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक माहौल बना है और सरकार के प्रति लोगों में भरोसा बढ़ा है।