अमृतसर। पंजाब के अमृतसर जिले के नारायणगढ़ इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक वारदात सामने आई, जहां अपनी बेटी को ट्यूशन छोड़कर लौट रहे एक शिक्षक की अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव तलवंडी निवासी जगदीप सिंह के रूप में हुई है।
वापसी के दौरान घेरकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, जगदीप सिंह दोपहर करीब 2 बजे अपनी बेटी को एक्टिवा पर ट्यूशन छोड़ने गए थे। लौटते समय जैसे ही वे नारायणगढ़ के पास पहुंचे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।
हमलावरों ने तेजधार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला किया और गला रेत दिया। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजहों का पता लगाने के लिए कई टीमों को जांच में लगाया गया है।
इलाके में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।