- कपूरथला जिले के कस्बा भुलत्थ में शनिवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे दिया गया हैवानियत को अंजाम, आधी रात तक जांच में जुटी पुलिस
- सूचना मिलने पर शाम को पिता ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, गंभीर हालत को देखते हुए कपूरथला रेफर किया
- सिविल अस्पताल की गायनकोलॉजिस्ट डॉ. सिम्मी धवन ने की बच्ची से दुष्कर्म की पुष्टि, कहा-फिलहाल हालत खतरे से बाहर
कपूरथला जिले के कस्बा भुलत्थ में रविवार को मजदूर किस्म के एक व्यक्ति द्वारा 6 साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। बच्ची सिविल अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि दरिंदगी की यह घटना शनिवार दोपहर बाद की है, जिसका पता चलने के बाद देर रात तक पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी रही। रविवार को एफआईआर दर्ज करके पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार दोपहर बाद करीब साढ़े 3 बजे पिता के काम पर जाने के बाद 6 साल की बच्ची घर के बाहर ही खेल रही थी। इसी दौरान मजदूर किस्म का एक व्यक्ति वहां आया। 20 रुपए का लालच दिया और चीज दिलवाने के बहाने बच्ची को साइकल पर बिठाकर सुनसान जगह ले गया। वहां गलत काम करने के बाद बच्ची को घर के बाहर ही छोड़कर फरार हो गया।
शाम के समय भाई-बहनों ने फोन करके बच्ची की हालत के बारे में पिता को बताया तो वह और उसकी पत्नी दोनों घर की तरफ भागे। वहां बच्ची बेहोश पड़ी हुई थी। उसे तुरंत भुलत्थ सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से डॉक्टरों ने रात में कपूरथला सिविल कपूरथला में रेफर कर दिया। बच्ची का इलाज कर रही गायनी डॉक्टर सिम्मी धवन ने गलत काम की पुष्टि की है। उनका कहना है कि बच्ची की हालत अब खतरे से बाहर है।
उधर, सूचना के बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर केस दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी। चाहे यह घटना दोपहर बाद करीब साढ़े 3 बजे की थी, लेकिन देर शाम डीएसपी इस मामले की जांच करने पहुंचे। रात 10 बजे के बाद तक अलग-अलग तथ्यों से जांच-पड़ताल की गई। घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई तस्वीर के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।