सुल्तानपुर लोधी में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ काली बेईं में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों की तत्परता से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दोनों मासूम बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, गांव अदालत चक्क निवासी सिमरन कौर मानसिक तनाव से जूझ रही थीं। इसी दौरान वह अपने दो बेटों—6 वर्षीय वीर प्रताप सिंह और 3 वर्षीय गुर प्रताप सिंह—को साथ लेकर काली बेईं पहुंचीं और अचानक नदी में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि इनमें से एक बच्चा वह उसी दिन स्कूल से घर लेकर आई थीं।

घटना के समय मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दोनों बच्चों को बचाने की कोशिशें नाकाम रहीं। कुछ ही देर में दोनों मासूमों की जान चली गई।

सूचना मिलते ही थाना सुल्तानपुर लोधी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर इस कदम के पीछे असली कारण क्या थे।