जीरकपुर में छत लाइट चौक के पास देर रात एक गंभीर सड़क हादसे ने अफरा-तफरी मचा दी। मनाली से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस ट्रक की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा रात करीब 3 बजे के आसपास हुआ बताया जा रहा है।

टक्कर इतनी तेज थी कि बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पलट गई। अचानक हुए इस हादसे में बस के अंदर मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों से उछलकर एक-दूसरे पर गिर पड़े, जबकि कुछ लोग बस के भीतर ही फंस गए।

20 से ज्यादा यात्री घायल

इस दुर्घटना में करीब 20 से 22 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया है।

एक यात्री गंभीर रूप से घायल

हादसे के दौरान एक युवक के नीचे दबने की भी जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि बस पलटने से उसकी बाजू बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

राहत और बचाव कार्य

घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को एंबुलेंस के जरिए डेराबस्सी सिविल अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल कई यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

दो घंटे तक जाम, यातायात प्रभावित

बस के सड़क पर पलट जाने के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

बाद में हाइड्रा मशीन की मदद से बस को सीधा कर सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। इस हादसे में दो ट्रकों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।