भीलवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) प्रथम की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) शाहपुरा के अधिशाषी अभियंता सहित तीन लोगों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कलेक्ट्रेट परिसर में ट्रैप लगाकर की गई, जहां से भारी नकदी भी बरामद हुई।

एसीबी के उप अधीक्षक पारसमल ने बताया कि विभाग में चल रही अनियमितताओं की शिकायतों के बाद टीम लंबे समय से निगरानी कर रही थी। जांच में संकेत मिले थे कि शाहपुरा पीडब्ल्यूडी में तैनात अधिकारी ठेकेदारों के बिल पास करने के बदले अवैध वसूली कर रहे थे।

बिल पास कराने के नाम पर कमीशन का आरोप

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अधिशाषी अभियंता पर आरोप है कि वह बिल पास करने के एवज में ठेकेदारों से कमीशन मांगता था। यह भी आशंका जताई जा रही है कि वसूली की रकम में उच्च स्तर के अधिकारियों की भी हिस्सेदारी शामिल थी।

कलेक्ट्रेट में ट्रैप कार्रवाई

मंगलवार को मिली सूचना के आधार पर एसीबी टीम ने कलेक्ट्रेट परिसर में जाल बिछाया। यहां ठेकेदारों से रिश्वत की रकम ली जा रही थी, तभी टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान अधिकारी के पास से 4 लाख 4 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

घर पर भी छापेमारी

गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आरोपी अधिकारी के आवास पर भी दबिश दी, जहां दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध लेन-देन कितने समय से चल रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।