जयपुर। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ जयपुर में आयोजित प्रदर्शन के दौरान हंगामे और हाथापाई की घटना सामने आई है। सोमवार को शहीद स्मारक पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच अचानक एक व्यक्ति ने अभिजीत दीपके पर थप्पड़ जड़ दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।
घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दो युवकों को हिरासत में ले लिया और भीड़ को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान बढ़ा विवाद
सीजेपी की ओर से NEET पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बेरोजगारी और छात्र-युवा मुद्दों को लेकर यह प्रदर्शन आयोजित किया गया था। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई।
पार्टी नेताओं का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की कमी को लेकर युवाओं में गहरी नाराजगी है और इसी कारण देशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
पुलिस की अनुमति के साथ हुआ था आयोजन
अभिजीत दीपके रविवार देर रात जयपुर पहुंचे थे। पुलिस ने कार्यक्रम के लिए शहीद स्मारक पर अनुमति दी थी, जिसमें करीब 800 लोगों की सीमा तय की गई थी। साथ ही आयोजकों को कानून-व्यवस्था और यातायात प्रभावित न करने की सख्त हिदायत दी गई थी।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी पार्टी
अभिजीत दीपके ने बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत एक सोशल मीडिया पोस्ट से हुई थी। उनके अनुसार, एक पूर्व मुख्य न्यायाधीश की टिप्पणी के बाद “कॉकरोच” शब्द चर्चा में आया और उसी से प्रेरित होकर उन्होंने एक्स (Twitter) पर पोस्ट कर संगठन की घोषणा की।
दीपके का दावा है कि उस समय उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर 20 हजार से अधिक फॉलोअर्स थे और कई युवाओं ने उनके विचारों का समर्थन किया।
देशभर में पहले भी हुए प्रदर्शन
सीजेपी की ओर से इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर, पुणे, लखनऊ, अमृतसर, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित कई शहरों में विरोध प्रदर्शन किए जा चुके हैं। संगठन का कहना है कि उनका अभियान शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर लगातार जारी रहेगा।