उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। कैल नदी में बने गहरे जलकुंड में नहाने गए एक 12वीं कक्षा के छात्र की डूबने से मौत हो गई।

मृतक छात्र की पहचान 17 वर्षीय आयुष, पुत्र गजेंद्र सिंह, निवासी हाटकल्याड़ी गांव के रूप में हुई है। वह राजकीय इंटर कॉलेज देवाल में कक्षा 12 का छात्र था।

दोस्तों के साथ नहाने गया था नदी में

जानकारी के अनुसार, आयुष सोमवार करीब ढाई बजे अपने दो दोस्तों के साथ कैल नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान तीनों नदी में बने करीब 12 फीट गहरे जलकुंड में उतर गए। इसी दौरान आयुष अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा।

दोस्तों ने उसे डूबता देख शोर मचाया और तुरंत स्थानीय लोगों को सूचना दी।

ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की

सूचना मिलते ही कैल गांव के नीरज मिश्रा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आयुष को गहरे पानी से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

आयुष को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. रॉबिन ने पुष्टि की कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही छात्र की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेज दिया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।