मसूरी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय निजी प्रवास के दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें पारंपरिक उत्तराखंडी टोपी और पहाड़ी शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

नितिन नवीन अपने परिवार के साथ मसूरी पहुंचे थे और अपने प्रवास के अंतिम दिन उन्होंने भाजपा मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान संगठनात्मक मुद्दों और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

मसूरी की सुंदरता की सराहना

भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा पूरी तरह निजी था। वापसी से पहले कार्यकर्ताओं ने उन्हें पारंपरिक सम्मान दिया। नितिन नवीन ने मसूरी की प्राकृतिक खूबसूरती और शांत वातावरण की प्रशंसा करते हुए इसे देश के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में से एक बताया। उन्होंने जल्द ही दोबारा मसूरी आने की इच्छा भी जताई।

2027 चुनाव को लेकर संगठन मजबूत करने पर जोर

कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान नितिन नवीन ने आने वाले 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को अभी से मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने, घर-घर संपर्क अभियान तेज करने और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, राकेश रावत, पूर्व महामंत्री कुशाल राणा, उपाध्यक्ष विजय बिंदवाल, गुड मोहन राणा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।