मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने सोमवार शाम जिला अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवारा कुत्तों के हमले में घायल हुई तीन वर्षीय बच्ची मीरद से मुलाकात कर उसका हाल जाना। मंत्री वाराणसी दौरे से लौटने के तुरंत बाद अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में पहुंचकर मंत्री अग्रवाल ने बच्ची के इलाज की स्थिति के बारे में चिकित्सकों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया और डॉक्टरों को निर्देश दिए कि उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए तथा बच्ची को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) को सख्त निर्देश दिए कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
राज्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि रविवार को जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड के बाहर बिजली गुल होने के दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने सहारनपुर निवासी तीन वर्षीय मीरद पर हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठे थे और स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया था। अब मंत्री के दौरे के बाद पूरे मामले पर प्रशासन की निगरानी और सख्ती बढ़ने की उम्मीद है।