जोधपुर के ताप नगर सदर थाना इलाके में बीती रात एक युवक की हत्या कर दी गई। शादी में डीजे बजाने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लात घूंसे चले इसी बीच एक युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। एक के बाद एक उसने कई बार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। हत्याकांड के बाद इलाके में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। वहीं दो संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है।
जानकारी के अनुसार शहर की बापू कॉलोनी में शादी के दौरान डीजे बज रहा था। अमन खान अपने दोस्तों के साथ नाच रहा था। इसी दौरान वहां आए अजहरुद्दीन और उसके साथियों ने उससे डीजे बंद करने के लिए कहा। अजहरुद्दीन की इस बात को अमन ने नजर अंदाज कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बाद में खाना खाने के समय भी दोनों पक्ष आमने-सामने बैठ गए।
कुछ देर बाद दोनों पक्षों में फिर से विवाद हो गया। अजहरुद्दीन ने अपने साथियों के साथ मिलकर अमन के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान किसी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि अमन के पर चाकू से करीब 22 वार किए गए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए उसके दो अन्य साथियों पर भी चाकू से हमला किया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
देर रात हुए इस हत्याकांड की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को एमजीएच अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके दो साथियों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने रात को ही छापामारी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। बताया यह भी जा रह है अमन और अजहरुद्दीन के बीच पुरानी रंजिश थी। एक महीने पहले भी किसी बात पर उनका विवाद हो गया था।