राजस्थान के सीकर जिले में राजस्थान दिवस के जिला स्तरीय समारोह में बुधवार को एक ड्रोन की वजह से अफरा तफरी का माहौल हो गया। दरअसल समारोह की तस्वीर लेने के लिए उड़े ड्रोन की वजह से मधुमक्खियों का झुंड एक पेड़ से निकल आया। जिनके काटने से पुलिसकर्मी सहित करीब 15 जने घायल हो गए। इनमें से कइयों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। अचानक हुए मधुमक्खियों के हमले से कार्यक्रम में अफरा तफरी का माहौल हो गया। समारोह भी देरी से शुरू हुआ।
राजस्थान दिवस का जिला स्तरीय समारोह फतेहपुर में आयोजित किया जा रहा है। समारोह में सुबह 10 बजे घड़वा जोहड़ा में प्रदर्शनी व लोककला प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा गया था। जिसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थी। अतिथि सहित काफी संख्या में लोग पहुंच भी चुके थे। इसी बीच समारोह की तस्वीर लेने के लिए प्रशासन की ओर से करवाई जा रही फोटोग्राफी के लिए ड्रोन उड़ा। जो ज्यों ही एक पेड़ के पास से गुजरा त्यों ही उसमें से मुधमक्खियों का झुंड निकल आया।
मधुमक्खियों ने वहां मौजूद लोगों व मवेशियों पर हमला कर दिया। जिससे अफरा तफरी मच गई। लोग दौड़कर समारोह स्थल से बाहर निकल आए। इसके बाद भी मधुमक्खियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। हमले की वजह से कार्यक्रम में देरी हुई। करीब पौन घंटे बाद विधायक हाकम अली व कलक्टर अविचल चतुर्वेदी सहित कई जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की मौजूदगी में समारोह शुरू हुआ।