झालावाड़ कोतवाली पुलिस ने चार पहिया वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास दो गाड़ियां भी बरामद की गईं हैं। जानकारी के अनुसार एक फरियादी ने गढ़ परिसर से सेंट्रो कार चोरी होने की शिकायत थाना कोतवाली पुलिस से की थी। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने झालावाड़ निवासी शाहिद और आसिफ गिरफ्तार किया। उनके द्वारा चुराई गई सेंट्रो कार और एक टोचन करने वाली गाड़ी को रिछवा कस्बे से जब्त किया है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदात के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
श्रीगंगानगर: 1.900 किलो अफीम जब्त
थाना सदर पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 1.900 किलो अफीम बरामद की है। तस्कर शुभम कुमार पुत्र सुखविंदर सिंह (26) थाना साहनेवाल जिला लुधियाना पंजाब का रहने वाला है। एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ 12 नवंबर से ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इसी के तहत शुक्रवार शाम को कार्यवाहक थाना अधिकारी सदर संदीप कुमार ने आरोपी को मोटर मार्केट से गिरफ्तार किया है।
चूरू: दो अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ दो आरोपी दबोचे
जिले की राजगढ़ थाना पुलिस ने डीएसटी की सूचना पर तारानगर पुलिया और खेमाणा रोड से दो आरोपियों को दो अवैध पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अंकित कुमार पुत्र अशोक कुमार मेघवाल (19) और भाला राम मेघवाल पुत्र रामजीलाल (23) गांव लाखलान बड़ी थाना राजगढ़ के रहने वाले हैं। एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि आरोपी पिस्टल कहां से लगाए थे और उन्हें उसकी जरूरत क्या थी, यह जानने के लिए दोनों से पूछताछ की जा रही है।
करौली: लेडी डॉन रेखा साथी और दो हजार का इनामी पकड़ाया
श्रीमहावीरजी थाना पुलिस ने हत्या के आरोप में फरार चल रहे लेडी डॉन रेखा मीणा के साथी धर्म सिंह मीना को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी शैलेंद्र सिंह इंदौलिया ने बताया कि पूर्व में पुलिस गिरफ्त में आई रेखा मीना ने कुछ समय पहले अपने साथी अनुराग मीना, जेईएन उर्फ धर्म सिंह और अन्य साथियों के साथ मिलकर विरोधी गैंग के सरगना पप्पू उर्फ पीएल मीना निवासी भडक्या निवासी पर गोली चलवाई थी। मामले में धर्म मीना पुत्र रामकेश मीना (28) निवासी महस्वा पर थाना कुडगांव में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था। फरार आरोपी पर दो हजार रुपए इनाम भी घोषित किया गया था। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर उसे किरवाड़ा गांव में बने शराब ठेके के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है।
सीकर: नाबालिग को अगवा करने वाला हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार
नाबालिग को अगवा करने के आरोपी को पुलिस ने हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग को भी बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार नाबालिग के पिता ने 25 जनवरी को सदर थाना में बेटी के अपहरण का केस दर्ज कराया था। मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप के निर्देशन में एक टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। शनिवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना अधिकारी सुनील कुमार जांगिड़ के नेतृत्व में टीम ने हिसार से नाबालिग को बरामद कर आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है।