अमृतसर के रामबाग मार्केट में गुरुवार शाम अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। बताया जा रहा है कि बांस की सीढ़ियां, लकड़ी का सामान और अन्य सामग्री बेचने वाले खोखों में लगी यह आग देखते ही देखते कई दुकानों तक फैल गई और भारी नुकसान हुआ।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज गर्मी और शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। बाजार में बांस, लकड़ी, करियाना और स्पेयर पार्ट्स की बड़ी संख्या में दुकानें हैं, जिनमें रखा सामान आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया।

आग ने लिया विकराल रूप

आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की कई दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। इस हादसे में एक व्यक्ति के जिंदा जलने की भी आशंका जताई गई है। उसका शव एक दुकान के शटर से चिपका हुआ मिला, हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। वहीं एक एक्टिवा वाहन भी पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियां

आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। दमकल विभाग की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने हॉल गेट तक का रास्ता बंद कर दिया और इलाके की बिजली आपूर्ति भी रोक दी गई, ताकि आग और न फैल सके।

25 दुकानों को नुकसान

फायर अफसर दिलबाग सिंह ने बताया कि शाम करीब 6 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। जब तक टीम मौके पर पहुंची, आग कई खोखों और दुकानों में फैल चुकी थी। करीब 25 दुकानें इसकी चपेट में आईं, जिनमें रखा पूरा सामान, तैयार बांस की सीढ़ियां और अन्य स्टॉक जलकर राख हो गया।

जांच जारी

घटना के दौरान एक कर्मचारी के अंदर फंसकर झुलसने की भी सूचना मिली है। देर रात तक आग बुझाने का काम जारी रहा। पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच कर रही हैं ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके।