अमित शाह ने राजस्थान की जनता को धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि 2014 में राजस्थान की जनता ने प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें भारतीय जनता पार्टी की झोली में डाल दी थी। 2019 में भी राजस्थान के लोगों ने सभी लोकसभा सीटों पर भाजपा को प्रचंड जीत दी और अभी कुछ समय पहले राजस्थान विधानसभा चुनाव में भी भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार का गठन हुआ है।
पूरे देश में राजस्थान प्रदेश भाजपा का संगठन सबसे अधिक मजबूत संगठन है। राजस्थान में सुंदर सिंह भंडारी ने महर्षि दधीचि की तरह हड्डियां गलाकर, भारतीय जनता पार्टी की नींव डाली। दो दिन पहले ही भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आह्वान करते हुए ‘अबकी बार, 400 पार’ का नारा दिया। 2024 में फिर एक बार, मोदी सरकार बनाने के लिए राजस्थान में 25 लोकसभा सीटों की जीत की हैट्रिक के साथ-साथ, हर सीट पर दोबारा कमल खिलाना है।
उज्ज्वला योजना के तहत गैस का सिलेंडर दिया
अमित शाह ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विजय यात्रा की अर्जुन भी जनता और कृष्ण भी जनता ही है, राजस्थान की जनता को ही भाजपा की इस विजय यात्रा को आगे बढ़ाना है। शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक परिवारवादी और दिशाविहीन पार्टी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 10 साल के अंदर देश के 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिया, शौचालय बनवाए, उज्ज्वला योजना के तहत गैस का सिलेंडर दिया, उजाला योजना के तहत हर घर तक बिजली पहुंचाई, प्रति व्यक्ति प्रतिमाह 5 किलो अनाज निःशुल्क दिया, 5 लाख तक की सभी दवाइयों का खर्चा आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार उठा रही है। इसी कड़ी में देशभर में हर किसान को किसान सम्मान निधि के तौर पर 6000 रुपए दिए जा रहे हैं और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 6 हजार रुपए के बजाय प्रदेश के किसानों को 8 हजार रुपए देने का काम शुरू किया है।
10 दिनों में ही सर्जिकल स्ट्राइक की
शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने 70 लाख से ज्यादा माताओं को 450 रुपए में गैस का सिलेंडर हर गरीब को देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल के दौरान हर दिन पाकिस्तान से आलिया मलिया जमालिया देश में घुस आते थे, बम धमाके करते थे, पुलवामा, पुंछ और उरी में वीर जवानों पर आतंकी हमले करते थे। लेकिन पाकिस्तान को यह याद नहीं रहा कि अब भारत में सरकार बदल गई है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने 10 दिनों में ही सर्जिकल स्ट्राइक कर, पाकिस्तान के घर में घुसकर वीर जवानों की शाहदत का बदला लेने के काम किया।

धारा 370 को हमेशा के लिए खत्म कर दिया
उम्होंने कहा कि जिस कश्मीर के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपने जीवन का बलिदान दिया, उस समय कहा जाता था कि ‘जहां हुए बलिदान मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है’। धारा 370 के मुद्दे पर पर सब लोग मजाक उड़ाते थे कि भाजपा 1950 से धारा 370 हटाने की बात कर रही है। अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार में इसे नहीं हटाया जा सका, क्योंकि उस व्यक्त भारतीय जनता पार्टी की सरकार के पास पूर्ण बहुमत नहीं था। लेकिन 5 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धारा 370 को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। आज भारत माता का मुकुटमणि कश्मीर को आन-बान-शान के साथ भारत माता के मुकुट पार सुशोभित है और दुनिया की कोई ताकत कश्मीर को हाथ नहीं लगा सकती।
कांग्रेस पार्टी ने रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का बहिष्कार किया
अमित शाह ने कहा कि करोड़ों लोगों के आराध्य भगवान श्री राम वो एक टेंट में अपमानित स्थिति में बैठे थे और कांग्रेस ने सालों तक श्री राम मंदिर के मुद्दे को लटकाकर, भटकाकर, अटकाकर रखा। लेकिन भाजपा हमेशा यही कहती थी कि हम राम मंदिर वहीं बनाएंगे जहां रामलला का जन्म हुआ था और 22 जनवरी 2024 वही दिन था, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा करके पूरे देश को हर्षित और आनंदित कर दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का बहिष्कार किया। शाह ने कहा कि मोदी जी के 10 साल गौरव के 10 साल, गरीब कल्याण के 10 साल, भारत के उत्कर्ष और विकास के 10 साल हैं।
नरेन्द्र मोदी को फिर से आशीर्वाद देने का आह्वान
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 साल में भारत के अर्थतंत्र को 11वें नंबर से 5वें नंबर तक पहुंचा दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री ने एक बार फिर से जनता से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फिर से आशीर्वाद देने का आह्वान किया। भारत का विकास, सुरक्षा, उत्थान यह कांग्रेस पार्टी नहीं कर सकती। चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर भी तिरंगा फहराने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने किया है।
राजस्थान में महिलाएं और बहनें सुरक्षित नहीं थी
उन्होंने कांग्रेस पर निशान साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल के दौरान राजस्थान में महिलाएं और बहनें सुरक्षित नहीं थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भजनलाल शर्मा की सरकार उनकी सुरक्षा के लिए कई अहम कदम उठा रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेश की जनता से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फिर से आशीर्वाद देकर विजयी बनाने का आग्रह किया।