ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र स्थित बेनेट विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों में आ गया है। यहां हॉस्टल में रैगिंग से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें छात्राओं के बीच मारपीट और गाली-गलौज साफ देखी जा सकती है। करीब 3 मिनट 17 सेकंड के इस वीडियो ने कैंपस माहौल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल फुटेज में कुछ छात्राएं हॉस्टल के कमरे में बातचीत करती नजर आती हैं। इसी दौरान एक छात्रा, दूसरी छात्रा से सॉरी बोलने और हर बार सॉरी के बदले थप्पड़ देने जैसी बात करती दिखती है। कुछ ही देर बाद मामला हिंसक हो जाता है, जब एक छात्रा कथित रूप से उकसाने के बाद दूसरी छात्रा को कई थप्पड़ मारती है। वीडियो में मौजूद अन्य छात्राएं भी तालियां बजाकर इस घटना को बढ़ावा देती दिखाई देती हैं।
घटना के दौरान पीड़िता के पिता को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां भी सामने आती हैं, जिसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो जाता है। वीडियो में मारपीट के साथ-साथ गाली-गलौज और निजी टिप्पणियां भी रिकॉर्ड हुई हैं।
मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने भी विश्वविद्यालय प्रशासन से निष्पक्ष जांच और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। संगठन की ओर से कुलपति और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रशासनिक पक्ष की ओर से पुलिस ने कहा है कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है, लेकिन वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी आंतरिक जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है।
बेनेट विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार अजय यादव के अनुसार, संबंधित छात्राओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें कॉलेज से रस्टिकेट कर दिया गया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने कहा कि संस्थान ऐसी घटनाओं को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और प्रशासन का कहना है कि तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।