जयपुर की करधनी थाना पुलिस ने गांजा तस्करी में तीन बदमाशों को रविवार दोपहर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 KG गांजा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने उड़ीसा से अलवर और अलवर से जयपुर गांजे की सप्लाई करना बताया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी (वेस्ट) ऋचा तोमर ने बताया कि गांजा तस्करी में आरोपी मोहित चौधरी (21) पुत्र संजय चौधरी व नवीन कुमार (23) पुत्र जसराज निवासी ततारपुर अलवर और पुष्पेंद्र सिंह (25) पुत्र विजय सिंह निवासी देवी नगर-सी रावत गेट करधनी को गिरफ्तार किया गया है। दोपहर करीब 2:30 बजे सूचना मिली कि दो लड़के अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई देने जयपुर आए है, जो कालवाड़ रोड की तरफ जा रहे है। सूचना पर करधनी थानाधिकारी बनवारी लाल मीणा के नेतृत्व में टीम का गठन किया। पुलिस टीम में शामिल एएसआई बिरजु सिंह, हेड कांस्टेबल ओम सिंह, बाबूलाल, कांस्टेबल राम सिंह व सतीश ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को कालवाड़ रोड नुक्कड़ पर पकड़ा।

तलाशी में उनके पास गांजा मिला। पुलिस ने दोनों आरोपित मोहित चौधरी और नवीन कुमार को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से 5KG गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने आर्डर पर पुष्पेंद्र सिंह को गांजा सप्लाई करने बताया। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी पुष्पेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास 200 ग्राम गांजा मिला। पूछताछ में गांजा तस्करी उड़ीसा से अलवर आना बताया। आर्डर मिलने पर अलवर से जयपुर सप्लाई करना स्वीकार किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गैंग में जुड़े तस्करों के बारे में जानकारी जुटा रही है।