राजस्थान में गर्मी कहर ढाने लगी है। प्रदेश भर में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। आज बाड़मेर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक दर्ज किया गया। वहीं राजधानी जयपुर के साथ-साथ विभिन्न जिलों में लू का असर महसूस होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश में दो-तीन दिन गर्मी तेज रहेगी। साथ ही लू का भी असर रहेगा। 

एक अप्रैल के बाद बदलेगा मिजाज
एक अप्रैल के बाद फिर मौसम में थोड़ा बदलाव आने से तेज गर्मी एवं लू में कमी आने की संभावना है। विभाग के अनुसार राज्य में अधिकतम एवं न्यूनतम दोनों में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया गया। जयपुर सहित कई शहरों में अधिकत्तम तापमान 40 और इससे ऊपर रहा। हालांकि भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा। यहां सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कमी के साथ तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

हर जगह सामान्य से अधिक
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया। यह सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जबकि राज्य के गंगानगर में मैक्सिमम टेम्प्रेचर सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस अधिक रहा जो राज्य में सबसे अधिक है। गंगानगर में पारा 41.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह जैसलमेर में सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिकता के साथ मैक्सिमम टेम्प्रेचर 42.4, चुरू में सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिकता के साथ 42.2, बीकानेर में सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिकता के साथ 41.8, चित्तौड़गढ़ में सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिकता के साथ 40.4, जोधपुर में सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिकता के साथ 40.3 एवं जयपुर में सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिकता के साथ 40 डिग्री मैक्सिमम टेम्प्रेचर रहा।

अजमेर, भीलवाड़ा, उदयपुर का हाल
इसके अलावा अजमेर में मैक्सिमम टेम्प्रेचर सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिकता के साथ 39.8, अलवर में सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिकता के साथ 39.6, भीलवाड़ा में सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिकता के साथ 39.4, उदयपुर में सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिकता के साथ 38.4 डिग्री सेल्सियस अधिकत्तम तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान भी बाड़मेर जिले में रिकॉर्ड किया गया और वह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिकता के साथ 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि राज्य में न्यूनतम तापमान में सामान्य से सबसे अधिक छह डिग्री सेल्सियस तक अधिकता बीकानेर में रहा, जहां न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक था।