राजस्थान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंगलवार को होने वाला दौरा अचानक स्थगित कर दिया गया है। दरअसल, बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित रिफाइनरी परिसर में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई, जिसके बाद उद्घाटन कार्यक्रम को टालने का फैसला लिया गया। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की दो दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर जुटी रहीं और कई घंटों तक आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही।

रिफाइनरी का उद्घाटन और जनसभा थी प्रस्तावित

प्रधानमंत्री मोदी को मंगलवार को पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करना था और इसके साथ एक जनसभा को भी संबोधित करना प्रस्तावित था। हालांकि आग लगने की घटना के बाद पूरे कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यालय ने भी प्रधानमंत्री के दौरे के टलने की पुष्टि की है।

मुख्यमंत्री का दौरा भी रद्द

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी सोमवार शाम पचपदरा पहुंचना था। उन्हें शाम करीब चार बजे जयपुर से रवाना होना था, लेकिन प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के स्थगित होने के बाद उनका दौरा भी रद्द कर दिया गया। फिलहाल मुख्यमंत्री जयपुर स्थित अपने आवास पर ही हैं।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने दी जानकारी

पेट्रोलियम मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि HRRL रिफाइनरी में क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आग लगने की घटना के चलते 21 अप्रैल को प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया गया है। मंत्रालय के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया है और इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उद्घाटन की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।

देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए अहम परियोजना

पचपदरा में बन रही यह रिफाइनरी देश की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल परियोजना है। इसे हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में विकसित किया गया है।

इस परियोजना से देश की ऊर्जा जरूरतों को मजबूती मिलने और आयात पर निर्भरता कम होने की उम्मीद जताई जा रही थी। हालांकि अचानक लगी आग के कारण फिलहाल सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।