शहर में अब तक टीका नहीं लगवाने वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीनेशन ऑन व्हील्स अभियान शुरू किया है। जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने गुरुवार हो हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान आठ मोटरसाइकिल और छह गाड़ियों को रवाना किया गया। आइ मोटरसाइकिल से शहर की गली-गली में जाकर लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा। जिले के छह ग्रामीण ब्लॉक में एक-एक गाड़ी को भेजकर वैक्सीनेशन के टारगेट को पूरा किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. बीएल मीणा ने बताया कि एनजीओ केयर इंडिया के सहयोग से टीकाकरण अभियान को गति मिलेगी। 

सीएमएचओ ने कहा कि जो बुजुर्ग टीकाकरण केंद्र तक पहुंचने में सक्षम नहीं है या किसी भ्रम में हैं तो उन्हें भी समझा कर टीकाकरण करवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 93 प्रतिशत से अधिक लोगों को वैक्सीन की पहली डोज और 86 प्रतिशत को दोनों डोज लगा दी गई है। 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 65 हजार बच्चों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है।

सीएमएचओ ने बताया कि 29 हजार से अधिक प्रिकॉशन डोज भी हमें मिल चुकी हैं। एनजीओ मोटरसाइकिल चालक वेरीफायर व सोशल मोबिलाइजर का काम करने वाले व्यक्ति को उपलब्ध करवाएगा, वैक्सीनेटर यूपीएचसी की तरफ से तय होगा। ब्लॉक स्तर पर प्रत्येक गाड़ी में चालक के अलावा एक वेरीफायर कम सोशल मोबिलाइजर व टीकाकर्मी केयर इंडिया की तरफ से कार्य करेगा।