राजस्थान के सीकर जिले में रविवार को तीन वाहनों की टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई। जबकि हादसे में छह लोग घायल हो गए। तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें इलाज के लिए सीकर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार हादसा खंडेला-पलसाना सड़क मार्ग पर हुआ।
माजी साहब की ढाणी के पास एक बाइक और पिकअप टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों वाहन सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गए। भयानक हादसे में नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें पिकअप सवार आठ लोग और बाइक सवार एक व्यक्ति शामिल है।
पिकअप सवार करीब 20 लोग खंडेला में गणेश धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान ये हादसा हो गया। पिकअप सवार सभी लोग चौमूं के सामोद के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, बाइक सवार व्यक्ति खंडेला के सुंदरपुरा का रहने वाला था। घायलों में बाइक सवार महिला और दो बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में मारे गए लोगों के शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
उधर, दर्दनाक हादसे की जानकारी मिलने पर सांसद सुमेधानंद सरस्वती और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया घायलों से मिलने सीकर के एसके अस्पताल पहुंचे।