सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को प्रदेश सपा मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र विरोधी है और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे, धमकी और अवैध कार्रवाई करती है।

भाजपा बौखलाई, एआई का दुरुपयोग

अखिलेश यादव ने कहा कि जैसे-जैसे 2027 का विधानसभा चुनाव नज़दीक आ रहा है, भाजपा नेतृत्व बौखला रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल खेती, किसानी और विकास कार्यों के लिए होना चाहिए था, लेकिन भाजपा इसका प्रयोग विपक्ष के खिलाफ कर रही है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि एक एआई कंपनी 2025 में बनी और 2026 में 25 हजार करोड़ रुपये का एमओयू किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि इन निदेशकों की कोई वैधता नहीं थी और पहले भी इसी तरह के फर्जी एमओयू यूपी में पकड़े जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को हर क्षेत्र में बर्बाद कर दिया है।

पीडीए से घबराई भाजपा

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के नेता सोते-जागते केवल पीडीए ही देखते हैं। लोकसभा में हार की हताशा और विधानसभा चुनाव में सत्ता खोने के डर के चलते भाजपा नेता पीडीए का नाम सुनते ही बेचैन हो जाते हैं।

रामनवमी और दुर्गाष्टमी पर शुभकामनाएं

सपा अध्यक्ष ने रामनवमी और दुर्गाष्टमी के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का दैवीय और मानवीय चरित्र आज भी अनुकरणीय है और अन्याय के खिलाफ सत्य की जीत का संदेश देता है।

रुक्मिणी देवी बनीं समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष

सपा ने जालौन की रुक्मिणी देवी निषाद को समाजवादी महिला सभा उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। उन्हें वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक लक्ष्य भी दिए गए हैं।