गैस की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर देवकीनंदन महाराज का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महाराज कहते नजर आ रहे हैं कि गैस की कमी से ऐसा लग रहा है जैसे सतयुग लौट आया हो, और लोग अब पुरानी पद्धति से चूल्हे पर खाना बनाने लगे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इससे लोग स्वस्थ रहेंगे, क्योंकि “गैस की रोटी खाने से पुरुषों में दम नहीं रहा।”
वीडियो में महाराज यह भी बताते दिख रहे हैं कि चूल्हे पर खाना बनाने से महिलाएं भी स्वस्थ रहती थीं, केवल धुआं ही परेशानी का कारण था। इसके अलावा, उन्होंने पुराने समय की तारीफ करते हुए कहा कि पहले घरों में चाकी पर गेंहू पीसा जाता था, जिससे आटे की शुद्धता बनी रहती थी।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने साधा तंज
वीडियो के वायरल होने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि “बाबाजी की बात तो बाबाजी ही जानें, दम के धुएं से आम लोग तो अंजाने रह जाते हैं।”
देवकीनंदन महाराज के मीडिया प्रमुख का बयान
महाराज के मीडिया प्रमुख जगदीश शर्मा ने कहा कि महाराज लंबे समय से पुरानी पद्धति से भोजन तैयार करने और उसे खाने की सलाह देते आ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी ऐसा कोई विशेष बयान महाराज ने जारी नहीं किया है।