मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीकानेर दौरे पर पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने ईआरसीएपी को लेकर भाजपा को आड़े हाथों लिया है। सीएम गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री का अजमेर की चुनावी सभा में दिए गए भाषण का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वे प्रोजेक्ट को लेकर डींगे हांक रहे हैं। वहीं प्रोजेक्ट को लेकर शेखावत जनता में भ्रम फैला रहे हैं।
हिम्मत है तो अपनी आवाज का दें सैंपल शेखावत
सीएम गहलोत ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ मिलकर मेरी सरकार को गिराने की कोशिश की। जबकि शेखावत भी जोधपुर से ही सांसद हैं। अगले चुनाव में इस कृत्य का जवाब जोधपुर की जनता शेखावत को देगी। शेखावत ने षड्यंत्र कर मेरी सरकार गिराने का प्रयास किया। शेखावत में हिम्मत हो तो वे अपनी आवाज का सैंपल जांच एजेंसियों
को दें।
संजीवनी सोसायटी घोटाले को लेकर घेरा
सीएम गहलोत ने कहा कि गजेंद्र सिंह शेखावत ने देशद्रोह के आरोप से बचने के लिए मेरे ओएसडी लोकेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में मुकदमा दर्ज कराया। संजीवनी सोसायटी से गजेंद्र सिंह के क्या सम्बन्ध रहे हैं, उसकी सच्चाई जनता को बतानी चाहिए। जिन लोगों के पैसे सोसायटी ने हड़पे वे लोग अपनी गाढ़ी कमाई की मांग को लेकर आज तक घूम रहे है। अगर इन मामलों की जांच हो तो शेखावत खुद जेल में होंगे।