बरेली के दुनका क्षेत्र के गांव ठिरिया कल्यानपुर में रविवार शाम एक 15 महीने के बच्चे की बाल्टी में गिरकर मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब मासूम बाल्टी के पास खेल रहा था, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
ठिरिया कल्यानपुर निवासी इंतजार अहमद ने बताया कि रविवार को परिवार के सभी सदस्य रोजा रख रहे थे और शाम को इफ्तार कर रहे थे। उनका बेटा याशर, जो 15 महीने का था, घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान वह बाथरूम में रखी पानी से भरी बाल्टी के पास पहुंच गया और उसमें खेलने लगा।
बाल्टी में गिरने से हुई मौत
अचानक बच्चे का संतुलन बिगड़ गया और वह औंधे मुंह बाल्टी में गिर गया। पानी में डूबने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के लोग काफी देर तक गांव में बच्चे को ढूंढते रहे, लेकिन उसे कहीं नहीं पाया। बाद में जब उन्होंने घर के बाथरूम में देखा, तो याशर बाल्टी में मृत पड़ा मिला।
मासूम का शव देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। उसकी मां फरीन गहरे सदमे में है। याशर परिवार के दो बच्चों में सबसे छोटा था। सोमवार सुबह उसे सुपुर्द-ए-खाक किया गया।