उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक प्रेम संबंध का दुखद अंत सामने आया है। घर से गए प्रेमी युगल ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद दोनों की हालत बिगड़ गई। युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कस्बे की रहने वाली एक किशोरी गुरुवार को पड़ोसी गांव के युवक के साथ चली गई थी। इस मामले में परिजनों ने युवक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के साथ-साथ दोनों परिवार भी उनकी तलाश में जुटे हुए थे।
शुक्रवार को दोनों फिरोजाबाद जिले के आसपुर इलाके में मिले। बताया जा रहा है कि युवक के परिजन उन्हें लेकर थाना औंछा आ रहे थे। इसी दौरान दोनों ने रास्ते में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया।
थाने पहुंचते ही किशोरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए फिरोजाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी कुरावली समेत पुलिस अधिकारी थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में युवक द्वारा भी जहर खाने की आशंका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।