उत्तर प्रदेश के डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को एक और बड़ी औद्योगिक उपलब्धि मिलने जा रही है। ब्रिटेन की प्रसिद्ध हथियार निर्माता कंपनी वेब्ले एंड स्कॉट अब लखनऊ नोड में आधुनिक गोला-बारूद (एम्युनिशन) निर्माण इकाई स्थापित करने की तैयारी में है। इस यूनिट में सेना, अर्धसैनिक बलों और अधिकृत सुरक्षा एजेंसियों के लिए विभिन्न प्रकार के कारतूस और रक्षा सामग्री का उत्पादन किया जाएगा।
कंपनी के चेयरमैन जॉन ब्राइड और निदेशक मनिंदर सियाल के अनुसार, इस परियोजना को देश की प्रमुख एम्युनिशन निर्माण इकाइयों में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। शुरुआती चरण में लगभग 100 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिसे आने वाले तीन वर्षों में बढ़ाकर करीब 300 करोड़ रुपये तक पहुंचाने की योजना है।
इस प्लांट में 9×19 मिमी, 5.56×45 मिमी, 7.62×39 मिमी, 7.62×51 मिमी और 12.7 मिमी जैसे रक्षा-स्तरीय गोला-बारूद का उत्पादन वर्ष 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह इकाई केवल गोला-बारूद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसमें प्राइमर और अन्य महत्वपूर्ण घटकों का भी निर्माण किया जाएगा। इससे कंपनी को पूरी उत्पादन श्रृंखला (एंड-टू-एंड मैन्युफैक्चरिंग) की क्षमता मिलेगी और भारत की आयात निर्भरता में भी कमी आएगी।
कंपनी पहले से ही उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के संडीला में एक यूनिट संचालित कर रही है, जहां पिस्टल, रिवॉल्वर, राइफल और शॉटगन का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही वहां एक नई एयरगन निर्माण इकाई भी विकसित की जा रही है, जिसमें उच्च गुणवत्ता वाली एयरगन तैयार की जाएंगी।