श्रावस्ती। लगभग 14 दिन पहले लापता हुई भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष आंचल मिश्रा के शव के अवशेष मंगलवार को नेपाल सीमा के नजदीक ककरदरी जंगल में अलग-अलग स्थानों पर मिले। पुलिस ने एसएसबी के खोजी कुत्ते की मदद से अवशेष एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी इकट्ठा किए।

लापता होने का मामला

मल्हीपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत फतेहपुर बनगई के बांसगढ़ी गांव की निवासी आंचल मिश्रा 17 फरवरी को भिनगा में एक बैठक में गई थीं। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। काफी खोजबीन के बाद उनके पति संतोष मिश्रा ने 19 फरवरी को मल्हीपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

जंगल में अवशेष मिलने की जानकारी

पुलिस मंगलवार को सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची। वहां आंचल का जूता, मोजा, अधजली साड़ी, पर्स, टूटी चूड़ी और जबड़ा बरामद हुआ। इसके बाद एसएसबी के जवान खोजी कुत्ते के साथ पहुंचे और कुत्ते की मदद से सिर, रीढ़ की हड्डी, पैर की हड्डी और शरीर के अन्य अवशेष भी मिले। पति संतोष ने पर्स, जूता और साड़ी देखकर पहचान की।

पुलिस कार्रवाई

मल्हीपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव के अवशेष बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा चुके हैं। मृतका के परिवार के सदस्य अभी थाने पर नहीं पहुंचे हैं, इंतजार किया जा रहा है। परिवार की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।