आगरा: बेबीरानी मौर्य को महिला एवं बाल विकास की जिम्मेदारी मिलने की अटकलें

योगी सरकार 2.0 में शामिल आगरा के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेबीरानी मौर्य और राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति को मिलने वाले विभागों का बंटवारा सोमवार को होगा। वहीं रविवार को सोशल मीडिया पर बेबीरानी मौर्य को महिला एवं बाल विकास मिलने की चर्चा चलती रही। किसे क्या विभाग मिलेगा यह आदित्यनाथ योगी तय कर ही चुके हैं, इसकी घोषणा सोमवार को होगी। आगरा से जीते बाकी सात विधायक मंगलवार को विधानसभा सदस्य पद की शपथ ले सकते हैं।

योगेंद्र उपाध्याय को ये विभाग मिलने की चर्चाएं 

ताजनगरी में रविवार को पूरे दिन सोशल मीडिया पर बहस चलती रही कि किस मंत्री को कौन सी जिम्मेदारी मिलेगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि राजभवन छोड़कर विधायक बनीं और फिर सरकार में आईं बेबीरानी मौर्य को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय मिल सकता है। योगेंद्र उपाध्याय को नगर विकास या ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी दी सकती है, जबकि धर्मवीर प्रजापति लघु एवं सूक्ष्म उद्योग विभाग का स्वतंत्र प्रभार मिल सकता है। 

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने लखनऊ से बताया कि किसे क्या विभाग मिलेगा, यह मुख्यमंत्री स्तर से तय हुआ है। विधिवत घोषणा सोमवार को होगी। जो भी जिम्मेदारी मिलेगी उसे एक नजीर की तरह निभाऊंगा। भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने बताया कि सोमवार को नए मंत्रियों का पोर्टफोलियो तय हो जाएगा। नए विधानसभा अध्यक्ष के नाम पर भी मुहर लग सकती है। जिसके बाद बाकी विधायकों की शपथ होगी। योगी मंत्रिमंडल में एमएलसी कोटे से शामिल हुए धर्मवीर प्रजापति को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। 

केंद्र में भी नहीं बना कैबिनेट मंत्री

आगरा दक्षिण क्षेत्र से विधायक योगेंद्र उपाध्याय और ग्रामीण क्षेत्र से जीतीं बेबीरानी मौर्य को प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया है। इनसे पहले आगरा से भाजपा का कोई विधायक कैबिनेट मंत्री नहीं बना। पिछली सरकार में भी तीन राज्यमंत्री बने थे। उधर, केंद्र सरकार में भी आगरा से कोई अभी तक कैबिनेट मंत्री नहीं बन सका है। पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया व वर्तमान सांसद एसपी सिंह बघेल को केंद्र सरकार में राज्यमंत्री बनाया गया।  

 पिछली सरकार में मिले थे ये विभाग

– चौधरी उदयभान सिंह – राज्यमंत्री, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्योग
– जीएस धर्मेश – राज्यमंत्री, समाज कल्याण, अनुसूचित जाति 
– धर्मवीर प्रजापति – राज्यमंत्री, अध्यक्ष, माटी कला बोर्ड

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here