कानपुर। एसएससी जीडी परीक्षा के दौरान कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद रविवार को कानपुर में भारी हंगामा देखने को मिला। सरसौल क्षेत्र के एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर गड़बड़ी की सूचना फैलते ही अभ्यर्थियों का गुस्सा भड़क उठा। इसके बाद छात्रों ने परीक्षा केंद्र के बाहर प्रदर्शन करते हुए महाराजपुर हाईवे को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

1 बजे की शिफ्ट में विवाद

मामला सरसौल स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन परीक्षा केंद्र का बताया जा रहा है, जहां दोपहर 1 बजे एसएससी जीडी की परीक्षा आयोजित की गई थी। अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा शुरू होने से पहले कुछ चुनिंदा उम्मीदवारों को अंदर बुलाया गया, जबकि बाकी छात्र बाहर इंतजार करते रहे।

इसी दौरान आरोप है कि अंदर मौजूद कुछ परीक्षार्थियों को समय से पहले प्रश्नपत्र भी उपलब्ध करा दिया गया। इस सूचना के बाहर आते ही अन्य अभ्यर्थियों ने परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

केंद्र पर अव्यवस्था, छात्रों का विरोध तेज

स्थिति बिगड़ती देख परीक्षा केंद्र प्रशासन ने अंदर परीक्षा दे रहे सभी अभ्यर्थियों को बाहर निकाल दिया। इससे छात्रों का आक्रोश और बढ़ गया। परीक्षा रद्द करने और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र हाईवे पर बैठ गए।

प्रदर्शन के चलते महाराजपुर हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

पुलिस और छात्रों में तनाव

सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच कई बार तीखी बहस और तनाव की स्थिति बनी।

काफी देर चले विरोध के बाद पुलिस ने हल्की बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को हटाया और यातायात को फिर से शुरू कराया।

जांच के आदेश, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा केंद्र में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों की विस्तृत जांच की जाएगी।

परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज और संचालन प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।