सहारनपुर: ईद-उल-अजहा की तैयारियों के बीच गंगोह क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। सामान खरीदने जा रहे एक युवक की बाइक हाईवे पर रखे डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसा तेज बारिश और अंधेरे के बीच हुआ।
बारिश के बीच हुआ दर्दनाक हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, सांगाठेडा गांव निवासी असलम उर्फ धोला गुरुवार रात करीब 10 बजे बाइक से गंगोह बाजार जा रहे थे। रास्ते में मुबारिकपुर गांव के पास शामली-अंबाला हाईवे पर उनकी बाइक सड़क पर रखे डिवाइडर से टकरा गई।
उस समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी और दृश्यता काफी कम थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि असलम गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की जानकारी मिलते ही राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल असलम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोह ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
असलम पेशे से जेसीबी चालक थे और परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनके परिवार में पत्नी, सात साल का बेटा अरमान और पांच साल की बेटी इनाया हैं।
गांव में पसरा मातम
शुक्रवार सुबह गांव के कब्रिस्तान में नम आंखों के बीच असलम को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और परिवार को सांत्वना दी।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर उठाए सवाल
मृतक के चचेरे भाई नदीम ने हादसे के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उनका आरोप है कि हाईवे पर रखे डिवाइडरों पर न तो रिफ्लेक्टिव रेडियम पट्टियां लगी थीं और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और अंधेरे के कारण डिवाइडर दिखाई नहीं दिए, जिससे यह हादसा हुआ। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।