अमरोहा जिले के हसनपुर-गजरौला मार्ग पर स्थित मनौटा पुल के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। आईपीएस इंटरनेशनल स्कूल, सहसौली के छात्रों से भरी एक मारुति वैन विपरीत दिशा से आ रहे मैक्स वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के अंदर बैठे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी।
सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा, वहीं राहगीरों ने भी तुरंत राहत कार्य में हाथ बंटाया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को वैन से बाहर निकालकर तत्काल हसनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के अभिभावक भी रोते-बिलखते अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे।
मासूम बच्ची की मौके पर मौत
इस भीषण टक्कर में कक्षा एक की छात्रा, पांच वर्षीय अनाया पुत्री सत्य प्रकाश निवासी मोहल्ला कायस्थान, हसनपुर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें 10 वर्षीय अभिकांत, आठ वर्षीय आराध्यका, छह वर्षीय अरहम, अरहान, सात वर्षीय आरोही और आठ वर्षीय काव्यांश शामिल हैं। ये बच्चे बहापुर थाना सैदनगली और सुल्तानपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
शिक्षक और चालक भी घायल
हादसे में वाहन चालक वितेश कुमार सहित स्कूल शिक्षिकाएं अलीना, निशा, आतिफा (सभी निवासी हसनपुर) और रूबी (निवासी सहसौली) भी घायल हुई हैं। सभी का उपचार अस्पताल में जारी है।
प्रशासनिक अमला पहुंचा अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी पुष्कर नाथ चौधरी और क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को त्वरित उपचार के निर्देश दिए और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। गंभीर रूप से घायल बच्चों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।